रजिस्ट्री कार्यालय में धूं -धू कर जलती कुर्सी मेज
- फोटो : amar ujala
धर्म छिपाकर युवतियों से दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाकर धर्मांतरण कराने के आरोपी वकील के खिलाफ मंगलवार को उनके साथी अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट गया। इस घिनौनी हरकत के विरोध में उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज परिसर में अधिवक्ताओं ने आरोपी वकील के चेंबर में रखी कुर्सी और मेज जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे अनैतिक कार्यों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के साथ कोई सहयोग नहीं किया जाएगा।
लखनऊ के गोमती नगर थाने में शहर के मोहल्ला आजाद नगर निवासी वकील भाइयों कमर हयात इदरीश उर्फ कमरू और जफर हयात इदरीशी के खिलाफ बीते 10 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने धर्म छिपाकर युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले फंसाया, फिर उनके अश्लील वीडियो बनाकर धर्मांतरण कराने के लिए दबाव डाला। ग्वारी पुल के पास स्पा की आड़ में चल रहे इस घिनौने कृत्य का खुलासा के बाद गोमती नगर पुलिस ने कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरा भाई फरार है। इसी को लेकर मंगलवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और चेंबर पर धावा बोलकर कुर्सी-मेज आदि सामान जला दिया।