दो दिन की हड़ताल के बाद शुक्रवार को बैंक में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। भीड़ की आशंका को लेकर कई उपभोक्ता दस बजे से पहले ही पहुंच गए थे। एसबीआई की मुख्य शाखा में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर खोले गए। वहीं एटीएम बूथों पर भी लंबी कतार दिखी।
वेतन वृद्घि की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर जिले भर की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी व कर्मचारियों दो दिवसीय हड़ताल की थी। शुक्रवार को बैंक खुलने पर सुबह से अपरान्ह दो बजे तक ज्यादा भीड़ रही। एसबीआई, बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक की मुख्य शाखाओं में उपभोक्ताओं की कतारें लगी रही।
भारतीय स्टेट बैंक की मुुख्य शाखा में अधिक भीड़ होने पर अतिरिक्त काउंटर खोला गया। सभी काउंटर पर उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। एसबीआई की मुख्य शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण तीन अतिरिक्त काउंटर खोले गए ताकि उपभोक्ताओं का कार्य आसानी से हो सके।