बेलहरा (बाराबंकी)। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा कस्बे में खोले गए जनसेवा केंद्र पर संचालक द्वारा अवैध वसूली का मामला संज्ञान में आया है। खाताधारकों ने खाता खोलने के नाम पर अतिरिक्त रकम वसूूलने का आरोप लगाया है।
फतेहपुर की शाखा बैंक ऑफ बड़ौदा की मिनी शाखा बैंक मित्र दिलीप वर्मा बेलहरा में खोले हुए हैं। आरोप है कि जो भी यहां खाता खुलवाने आता है, उससे संचालक द्वारा तीन सौ रुपये वसूले जाते हैं। जिसमें से खाता खोलने पर 100 रुपये खाते में जमा किए जाते हैं और दो सौ रुपये फीस के नाम ले ली जाती है।
शुक्रवार को घघसी निवासी राजाराम अपनी पत्नी का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता खुलवाने के लिए इसी जनसेवा केंद्र पर गए थे। उनसे 500 रुपये वसूले गए जिसमें से 300 रुपये उनके खाते में जमा किए गए और 200 रुपये फीस के नाम पर ले लिए गए। वहीं घघसी निवासी सुनीता देवी ने भी बताया कि उनसे पहले ही बताया गया था कि 300 रुपये खाता खुलवाने के लगेंगे और 100 रुपये खाते में जमा होंगे।
इस संबंध में जब फतेहपुर बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक आशुतोष दीक्षित से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया की उनकी शाखा के बैंक मित्र से अगर आप खाता खुलवाते हैं तो जो भी पैसा आप जमा करेंगे, वह आपके अकाउंट में जमा होगा और खाता खोलने की कोई फीस नहीं ली जाती है। अगर ऐसा है तो इसकी जांच होगी।संवाद