बाराबंकी। शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा कंपनी बाग शाखा में पाइप कारोबारी जावेद का पैन कार्ड शहर के बड़े उद्यमी गोविंद इंडस्ट्रीज के मालिक सुशील अग्रवाल के खाते से लिंक हो जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर, बैंक अफसरों ने भी अपनी गर्दन बचाने के लिए एलडीएम को भेजे जवाब में कहा है कि खाता अपग्रेड होने के दौरान गलती से पैन कार्ड दूसरे के खाते में लिंक हो गया। इस कारण पाइप कारोबारी जावेद के मत्थे पर 14 करोड़ की देनदारी आ गई और उनके खाते सीज हो गए।
एलडीएम ने पूरे मामले की जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी है। वही बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रबंध तंत्र मामले की आंतरिक जांच भी कर रहा है। शहर के मोहल्ला नई बस्ती पीरबटावन निवासी पाइप कारोबारी जावेद का आरोप है कि कंपनी बाग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में उनके खाते से जुड़ा पैन कार्ड उद्यमी गोविंद इंडस्ट्रीज के निदेशक सुशील अग्रवाल के खाते में लिंक कर दिया गया, जिससे उनके हिस्से के टैक्स की करीब 14 करोड़ 41 लाख की देनदारी जावेद के नाम पर आ गई। आयकर विभाग ने पाइप कारोबारी के दो बैंक खाते भी सीज कर दिए।
एलडीएम सौरभ कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा से जवाब मांगा गया था। बैंक ने कहा है कि अपग्रेडेशन के दौरान गलती से पैन कार्ड गलत खाते में लिंक हो गया। वहीं, शहर कोतवाल आरके के राणा ने बताया कि बैंक से कागजात मांगे गए हैं, कुछ बैंक कर्मचारियों से पूछताछ भी की। बताया कि मामले की विवेचना कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। (संवाद)