बाराबंकी। दुबई की एक आभूषण दुकान पर काम करने के दौरान एक माह पहले कीमती घड़ियां चोरी कर भागने के आरोपी को पुलिस ने यहां गिरफ्तार किया है। उसके पास दो कीमती घड़ियां व नकदी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि दुबई में दर्ज चोरी की रिपोर्ट के बारे में इंटरपोल के जरिए सूचना मिली थी।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि टिकैतनगर पुलिस ने गौस मोहम्मद उर्फ गौसू पुत्र अली अहमद निवासी टिकवामऊ को रविवार देर रात उसके गांव के पास से पकड़ा है। उसके पास दुबई से चुराई गईं एक चर्चित कंपनी की दो घड़ियां, एक मोबाइल फोन व 46 हजार रुपये बरामद हुए। घड़ियों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। एसपी ने बताया कि इंटरपोल के माध्यम से मिली जानकारी विदेश मंत्रालय ने बाराबंकी पुलिस को दी थी। बताया गया कि गौस मोहम्मद करीब एक माह पहले दुबई में छह कीमती घड़ियां चोरी करके भाग निकला है। इसके बाद से ही पुलिस युवक की तलाश में लगी थी। अभियुक्त ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह दुबई स्थित ज्वैलरी एंड वाचेज, सुख मार्केट में नौकरी करता था। एक माह पूर्व चोरी की गईं छह घड़ियां में चार दुबई में ही बेच दी थीं। दो घड़ी लेकर भागा और घर आ गया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से वह जेल भेज गया है।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए युवक की गिरफ्तारी की रिपोर्ट विदेश मंत्रालय को भेजी जाएगी। इंटरपोल के जरिए पुलिस को बताया गया था कि टिकैतनगर इलाके का युवक दुबई से घड़ी चोरी कर भागा है। आरोपी को जेल भेजा गया है। इस मामले का केस दुबई में वहां की पुलिस ने दर्ज किया है।