सफदरगंज पकड़ी गई मवेशियों से लदी ट्रक।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। ट्रक में मवेशियों को ले जा रहे तस्करों ने मंगलवार सुबह अयोध्या हाईवे पर पुलिस घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक चालक ने एक निजी वाहन को टक्कर मार दी। पुलिस वाहन बाल-बाल बच गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक को पकड़ा। उसमें वध प्रतिबंधित 15 मवेशियों को बरामद करने के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चालक फरार हो गया।
सफदरगंज क्षेत्र में हाईवे पर मंगलवार सुबह चेंकिग के दौरान पुलिस ने अयोध्या की ओर जा रहे तिरपाल से ढके एक ट्रक को रोका। पुलिस का कहना है कि इस दौरान चालक ने ट्रक को पुलिस की गाड़ी पर चढ़ाने की कोशिश की। ग्राम भगेलापुरवा के निकट ट्रक चालक ने डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा में भागने का भी प्रयास किया। इस दौरान एक एसयूवी को टक्कर मार दी। मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया लेकिन चालक फरार हो गया। उसका एक साथी सरफुद्दीन पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। जांच के दौरान ट्रक में वध प्रतिबंधित 15 मवेशी लदे मिले। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि मवेशियों को मुश्काबाद बिरौली स्थित गो आश्रय स्थल में टैग लगाकर छोड़ दिया गया है।
तस्करों के ट्रक ने एसयूवी को मारी टक्कर, पांच घायल
बाराबंकी। पुलिस घेराबंदी से बचने के लिए ट्रक चालक ने भगेलापुरवा के निकट डिवाइडर लांघकर भागने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक की टक्कर एसयूवी से हो गई। एसयूवी सवार एजाज वेग, पत्नी साफिया बानो, फैसल, मनसाहत बेग व सारिया खातून निवासी चिर्रा खेतासराय थाना टिकैतनगर घायल हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।