बाराबंकी/फतेहपुर। नगर पंचायत बेलहरा में सभासदों द्वारा की गई अनियमितताओं की शिकायत पर हुई जांच में प्रथम दृष्टया दो पूर्व अधिशासी अधिकारियों व मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष को जांच में दोषी पाया गया है। मामले में दोनों ईओ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष से पूरे प्रकरण में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दिसंबर, 2023 में बेलहरा नगर पंचायत के सभासद तरन्नुम, सर्वजीत, मृदुल शुक्ला, नितिन वर्मा, सेत कुमार मौर्य आदि सभासदों ने विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर सात सूत्री शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की थी। आरोप था कि नगर पंचायत ने नियमित बैठकें नहीं होतीं व बिना मंजूरी के भुगतान कर दिया जाता है।
संकल्प प्रतियों को न भेजने, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत लगीं लाइटों में सरकारी धन का दुरुपयोग होने, आउटसोर्सिंग के नाम पर धन की बंदरबांट, अध्यक्ष द्वारा अपने देवर को अध्यक्ष प्रतिनिधि का दर्जा देकर सरकारी कार्यों में हस्तक्षेप कराने, विभिन्न मदों में डीजल खर्च के नाम पर आर्थिक क्षति पहुंचाने जैसे गंंभीर आरोप लगाए गए थे।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आर जगत साई, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-3 व डीडीओ भूषण कुमार की तीन सदस्य समिति से शिकायतों की जांच कराई थी। जांच में कई शिकायतें सही पाते हुए रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। डीएम ने कार्रवाई की संस्तुति करते हुए नगर विकास अनुभाग को रिपोर्ट प्रेषित की थी।
मामले में नगर विकास अनुभाग एक की ओर से अध्यक्ष शबाना खातून से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही पूर्व ईओ शिवमूर्ति, संप्रति अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने की संस्तुति करते हुए डीएम को पत्र भेजा गया है। इस पर डीएम सत्येंद्र कुमार ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।