बाराबंकी। आस्था और उत्साह का प्रतीक अमरनाथ यात्रा इस वर्ष तीन जुलाई से शुरू होने जा रही है। यात्रा की तारीख घोषित होते ही बाराबंकी में श्रद्धालुओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हर साल की तरह इस बार भी जनपद से हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना होंगे। इस बार यह संख्या 10 हजार के पार पहुंचने की संभावना है।
यात्रा से पहले अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सीएमओ कार्यालय में लगाए गए शिविर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन करीब एक हजार श्रद्धालुओं का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव के मुताबिक इस बार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। जहां पहले एक डॉक्टर की जिम्मेदारी होती थी, वहीं अब तीन डॉक्टरों की टीम बनाई गई है।
एसीएमओ डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. निशांत प्रकाश, डॉ. आफताब अंसारी और एआरओ महेंद्र सिंह की टीम को लगाया गया है। समिति के अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि यात्रा की आधिकारिक घोषणा के बाद तैयारियां तेज कर दी गई हैं।