बाराबंकी। कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड में आने लगा है। जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी अधीक्षकों को आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही बाहरी राज्यों अथवा जिलों से आने वालों पर खास तौर से नजर रखने के साथ संदिग्ध मिलने पर उसकी जांच कराने और विभाग को इसकी सूचना तत्काल देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी में 5 से लेकर दस बेड के वार्ड आपात स्थिति से निपटने को तैयार रखने व ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर और प्लांटाें को पूरी तरह से सक्रिय रखने के लिए भी कहा गया है। यूपी में कोरोना के अब तक 15 मामले मिल चुके हैं। इसके दृष्टिगत ही विभागीय स्तर पर इससे निपटने की तैयारियां में तेज हो गई हैं। इसके चलते ही कोविड जांच सेंटरों को सक्रिय करने, जांच सेंटर पर कर्मियों की ड्यूटी लगाने और संदिग्धों की तत्काल जांच कराए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
एसीएमओ प्रशासन डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना को लेकर घबराने की नहीं वरन एहतियात व सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके लिए सभी सीएचसी अधीक्षकों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति गैर प्रांत से आता है तो उस पर नजर रखी जाए और संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी सभी प्रकार की जांचें कराई जाए। जांच में संक्रमित मिलने पर पीड़ित को भर्ती कर इलाज की व्यवस्था कराई जाए ताकि इसके प्रसार को प्रभावी स्तर पर रोका जा के।
सावधान रहें सतर्क रहें
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राजेश कुशवाहा ने बताया कि कोरोना को दंश सभी झेल चुके हैं। ऐसे में इससे बचाव के लिए सावधानी के साथ सतर्क रहने की ज्यादा जरूरत है। संक्रमण से बचाव के लिए भीड़-भाड़ से बचने के साथ मास्क का प्रयोग करने व किसी से हाथ मिलाने से बचने के साथ समय-समय पर हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से धोना चाहिए।