बाराबंकी। लॉकडाउन के दौरान रविवार को भी पुलिस-प्रशासन के तेवर सख्त रहे। शहर से लेकर कस्बों तक बाजार पूरी तरह से बंद रहे। इससे सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। चौराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस ने जगह-जगह बैरियर लगाकर चेकिंग की। इस बेवजह वाहन दौड़ाते मिले 388 लोगों का चालान किया गया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सप्ताह में शनिवार व रविवार को लॉकडाउन लागू किया गया है। रविवार को भी पुलिस ने शहर से लेकर कस्बों तक लॉकडाउन का पालन कराया। एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने जिले के समस्त थानेदारों को लॉकडाउन में सख्ती से पालन करने का आदेश दिया है जिसका असर शहर से लेकर गांव तक दिखा। शहर में इस दौरान छाया चौराहा, सिविल लाइन, घंटाघर, सट्टीबाजार, पुलिस लाइन चौराहा, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम रोड, देवा तिराहा, नाका सतरिख, पैसार नाका, पल्हरी चौराहा, रामनगर तिराहा आदि प्रमुख स्थानों पर दुकानें पूरी तरह से बंद रही। पुलिस की टीमें गश्त करती रहीं। चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मी भी मुस्तैद दिखाई दिए। बेवजह दोपहिया वाहनों से निकले लोगों का चालान काटा गया। रविवार को जनपद में पुलिस ने 388 वाहनों का चालान कर 32 हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किया है।