बाराबंकी। मतगणना स्थल पहुंचे जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मतगणना को लेकर की गई तैयारियां को परखा। उन्होंने भीषण गर्मी में मतगणना सभागार में मौजूद रहने वाले कर्मचारियों व प्रत्याशी एजेंटों को परेशानी से बचाने के लिए लगे एसी व कूलर भी देखे।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव की मतगणना चार जून मंगलवार को नवीन मंडी परिसर में होगी। बताया कि मतगणना कार्मिकों को गर्मी से बचाने के लिए शेड़ों में एसी और कूलर लगाने के साथ ही पेयजल के साथ ही नींबू पानी, ओआरएस के घोल, ग्लूकान डी इत्यादि की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई गई है। ताकि मतगणना कार्य सुचारु तौर से संचालित हो सके।
डीएम ने बताया कि इसके अलावा परिसर में मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी। मतगणना को लेकर अधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे पूरी ईमानदारी से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस मौके पर एडीएम अरुण कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आर साई जगत, पवन कुमार, अनुराग सिंह, नागेंद्र पांडेय, रामआसरे वर्मा आदि मौजूद रहे।