जहांगीराबाद। सद्दीपुर-जहांगीराबाद मार्ग पर रविवार दोपहर बस की चपेट में आकर ई-स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जहांगीराबाद के बल्लापुरवा गांव निवासी मंगल यादव की पत्नी रीता (42) अपनी बेटी वैष्णवी (20) दोपहर में बाराबंकी से ई स्कूटी पर सवार होकर गांव जा रही थी। इस दौरान अटवा मोड़ के पास क्षेत्र में ही संचालित बिस्कुट व बेकरी कंपनी की निजी बस की जोरदार टक्कर लगी। इसमें स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों ने घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल भिजवाया। स्थानीय लोगों ने बस रोक ली और चालक को बस सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, जिला अस्पताल ने दोनों को केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां वैष्णवी ने दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद रीता की भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
रामनगर-बदोसराय मार्ग पर लोधपुरवा गांव के पास रविवार सुबह सीमेंट लादकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर बुजुर्ग महिला फूलमती (62) की मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स था कि महिला सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार लोधपुरवा गांव निवासी पारसनाथ की पत्नी फूलमती सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। वापस घर लौटते वक्त कटका नाला पुल के पास पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जा रही फूलमती उसकी चपेट में आ गई। ट्रक के पहिए उनकी गर्दन के ऊपर से गुजर गए। इससे सिर धड़ से अलग हो गया। भतीजे पंकज वर्मा के अनुसार फूलमती अपने पीछे दो बेटे जितेंद्र व पुष्पेंद्र तथा एक बेटी पूनम को छोड़ गई हैं। घटनास्थल पर पहुंचने वाले लोग नजारा देख सन्न रह गए। रामनगर के एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर कार्रवाई की जा रही है।
फतेहपुर-देवा मार्ग पर शनिवार देर रात बिशुनपुर कस्बे में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर इसी गांव के युगुल किशोर जायसवाल (45) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे बाइक सवार को ग्रामीणों पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसे भी चोटें आई हैं।
रेलवे लाइन पर युवक का शव पड़ा मिला: कस्बा फतेहपुर के मोहल्ला इस्लामनगर के पास रविवार सुबह रेलवे लाइन पर युवक का शव पड़ा मिला। काफी कोशिशों के बाद मृतक की पहचान क्षेत्र के जरखा निवासी दयाराम के पुत्र राजू (32) के रूप में हुई। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।