बाराबंकी। तेज रफ्तार कार ने मंगलवार सुबह बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में जख्मी शिक्षक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम दशरथपुर निवासी राम नारायण उर्फ रामू वर्मा (48) फतेहपुर के निजी स्कूल में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह रामू किसी काम से फतेहपुर गए थे। करीब 10:30 बजे वापस लौटते समय रसूलपनाह मोड़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने रामू की बाइक में टक्कर मार दी। इससे रामू उछलकर दूर जा गिरे। जबकि, बाइक कार में फंस गई। हादसे में रामू के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे की खबर मिलते ही रामू के परिवारीजन व तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस बुलाकर रामू को सीएचसी भेजा गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रामू की सांसें थम गईं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पुत्रियां नैनसी, पारुल और पुत्र सिद्धार्थ है। रामू की मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक ताराचंद निवासी बाराबंकी शहर को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर पीके झा ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।