बाराबंकी। बिजली के खंभे में उतरे करंट से रविवार को एक मासूम की जान चली गई। इस घटना से बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया। उधर ग्रामीणों में पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस के मुताबिक दरियाबाद क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी नौमीलाल का आठ वर्षीय पुत्र सनी रविवार को दरवाजे पर खेल रहा था। घर के सामने लगे विद्युत पोल में करंट उतरा आया था। खेलते-खेलते बच्चा उसकी चपेट में आ गया। मौके पर ही मासूम की मौत हो गयी। बालक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बारे में ग्रामीणों ने पुलिस व अवर अभियंता को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने गांव पहुंचा जांच की। जेई व उपकेंद्र कर्मी गांव तक नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि खंभे में करंट उपकेंद्र कर्मियों की लापरवाही के चलते उतरा था। उधर प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामसनेहीघाट क्षेत्र के अधिशासी अभियंता राधेश्याम भास्कर ने बताया कि हादसे के बारे में जेई से बात की जाएगी।