शहर के देवा मार्ग निवासी होनहार छात्र का इंग्लैंड में अंडर 19 काउंटी क्रिकेट के लिए चयन किया गया है। इस छात्र का कलकत्ता की अंडर 19 टीम में चयन हुआ है जिसके तहत उसे इंग्लैंड भेजा जा रहा है। शहर के देवा मार्ग निवासी पूर्व विधायक शिवकरन सिंह के पोते अभ्युदय राठौर का इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने के लिए चयन हुआ है।
मौजूदा समय में कलकत्ता के सेंट जेबीएस स्कूल में हाईस्कूल के छात्र अभ्युदय ने इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था। सोमवार को अपने घर शहर में देवा मार्ग पहुंचे अभ्युदय ने बताया कि क्रिकेट का शौक बचपन से ही था।
बताया कि वह तीन महीने के लिए इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने जा रहा है। वापस आने पर कलकत्ता की अंडर 19 टीम में शामिल होकर क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेगा। अभ्युदय की इस कामयाबी से उसके परिवारीजनों में खुशी का माहौल व्याप्त है। चाचा नवीन राठौर, अर्चना राठौर, वैष्णवी आदि ने अभ्युदय को बधाई दी है।