बाराबंकी। घुंघटेर क्षेत्र की ग्राम पंचायत धौरहरा के माधवपुर गांव में छोटे भाई की मारपीट व प्रताड़ना से तंग युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से मृतक के माता-पिता सदमे में हैं।
माधवपुर गांव निवासी मोहन रावत के दो पुत्र अनूप व कुलदीप हैं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को 23 वर्षीय अनूप को कुलदीप ने मारापीटा था। विवाद के बाद परिजनों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। देर रात गांव के बाहर करीब 200 मीटर दूर स्थित आम के बाग में एक पेड़ पर अनूप का शव फंदे से लटका देख ग्रामीण दंग रह गए।
पुलिस पहुंची और पूछताछ हुई तो पता लगा कि कुलदीप अक्सर अपने बड़े भाई अनूप को प्रताड़ित करता था। सीओ फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने बताया कि कुलदीप उग्र स्वभाव का है। उससे कई लोगों से झगड़ा हो चुका है। पुलिस ने पिता मोहन की तहरीर पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जेल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। अनूप अविवाहित था।