- पति के साथ बाइक से जा रही थीं महिला
जैदपुर। असंद्रा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुरचंदी गांव निवासी रामजीवन बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी शिवदेवी (53) को बाइक से लेकर बाराबंकी अपने भाई की लाइब्रेरी के उद्घाटन में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान जैदपुर थाना क्षेत्र के भिटौरा लखन के पास एक किसान साइकिल पर कुदाल बांधकर जा रहा था। उसके बगल से बाइक निकलने के दौरान कुदाल में शिव देवी की शाॅल फंस गई और वह एक झटके में नीचे सड़क पर आ गिरी।
राहगीरों के सहयोग से रामजीवन पत्नी को जैदपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर पहले पत्नी के साथ हंसी-खुशी जा रहे रामजीवन बदहवास रह गए। अस्पताल द्वारा सूचना पुलिस को दी गई। एसएचओ संतोष सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। तहरीर नहीं दी है। संवाद