रामसनेहीघाट। बनीकोडर ब्लॉक की ग्राम पंचायत हथौधा में जल जीवन मिशन की योजना दो साल से अधर में लटकी है। करीब 254.83 लाख रुपये की लागत से बन रही पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को अब भी पुराने संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
टंकी का निर्माण 21 दिसंबर 2022 को शुरू हुआ था। परिसर में चारदीवारी और एक कमरा समेत कुछ काम पूरा हुआ, लेकिन मुख्य निर्माण अधूरा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो साल से काम पूरी तरह बंद है। निर्माण स्थल पर कामगारों के नहीं आने से नल से पानी मिलने की उम्मीद भी पूरी नहीं हुई। मनोहर लाल और लाला ने बताया कि गर्मी में पेयजल संकट और बढ़ जाता है।
ग्राम पंचायत के प्रभारी प्रशासक मोहित सिंह ने बताया कि टंकी का निर्माण 2022 से चल रहा है, लेकिन लंबे समय से मौके पर कोई काम नहीं हुआ। एसडीएम ब्रजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जानकारी कर जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा। देरी को लेकर संबंधित विभाग से जवाब तलब किया जाएगा।