बाराबंकी। लखनऊ के जानकीपुरम निवासी भूतपूर्व सैनिक निपेश मिश्रा (45) रविवार सुबह शहर में लखनऊ मार्ग पर एआरटीओ ऑफिस मोड़ के पास कार में बेसुध मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह शनिवार रात लखनऊ से बाराबंकी आए थे। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नितेश मिश्रा शनिवार रात आवास विकास कॉलोनी निवासी अपने मित्र अश्विनी सिंह के घर आए थे। यहां दावत में शामिल होने के बाद वह अपनी कार से अकेले निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। रविवार सुबह सड़क किनारे खड़ी कार में एक व्यक्ति बेसुध मिला। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहचान के लिए उनका फोटो व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किया गया। कुछ ही देर में परिजन बाराबंकी पहुंचे और पहचान कर ली। इसके बाद कई पूर्व सैनिक पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। वहां मौजूद इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया कि नितेश शराब पीने के शौकीन थे। उनके दाे बेटे हैं। हालांकि, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है। आवास विकास निवासी उनके मित्र के मोबाइल की भी जांच की जा रही है। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।