लखनऊ- अयोध्या हाईवे स्थित चौपुला तिराहे पर के पास धू-धू कर जलती ट्रक।
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित चौपुला तिराहे के पास मंगलवार दोपहर एक चलती ट्रक में अचानक आग लगने से हाईवे पर अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिट्टी लदा ट्रक सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा था, तभी चालक को धुएं की तेज दुर्गंध महसूस हुई। आशंका होने पर उसने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और नीचे उतर गया। कुछ ही क्षणों में ट्रक के इंजन से लपटें उठने लगीं और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही टीआई राम रतन यादव मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और जाम खुलवाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।