श्री लोधेश्वर महादेवा मेंशिवलिंग पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
रामनगर। श्री लोधेश्वर की नगरी महादेवा में महाशिवरात्रि पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। हाथों में भोले का टैटू बनवा रहा है, तो कोई भोले की चिलम खींच रहा है तो कोई गौरा पार्वती के नाम का पैरों में रंग लगवा रहा। इतना ही नहीं एक दूसरे को रंग लगाकर गले मिल रहें है। कांवड़िया से लेकर दुकानदार तक एक-दूसरे को भोले-भोले कहकर पुकार रहे हैं।
मंदिर से लेकर मेला मैदान तक, हर ओर भोले-भोले की गूंज सुनाई दे रही है। महाशिवरात्रि के एक दिन पहले ही करीब एक लाख से अधिक कांवड़िये मेला परिसर में डेरा जमा चुके हैं, जबकि सड़कों पर भी कांवड़ के साथ श्रद्धालुओं के जत्थे उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रहे हैं। पथरीले रास्ते और पैरों के छाले भी उनकी भोलेनाथ के दर्शन की मंजिल को नहीं रोक पा रहे। हर हर महादेव, हर हर बम बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा है।
सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट 24 घंटे में केवल 20 मिनट के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। रात 12 बजे पूजा-अर्चना के बाद 12 बजकर 15 मिनट पर कांवड़ियों के दर्शन के लिए कपाट खोल दिए जाएंगे। अभरन तालाब के पास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। जाॅइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम गुंजिता अग्रवाल और सीओ गरिमा पंत ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भंडारों का आयोजन, सजी हैं दुकानें बुढ़वल शुगर मिल के पास सचिव व प्रधान पति मनोज मिश्रा और रामनगर ब्लॉक के पास सनी मिश्रा द्वारा भंडारे में भक्तों को पूड़ी-सब्जी का प्रसाद बांटा गया। दुकानों पर धतूरा 10 रुपये और कमल का फूल 15 रुपये में बिक रहा है।