हैदरगढ़ (बाराबंकी)। जमीनहुसेनाबाद गांव में बिना कार्य कराए फर्जी अभिलेखों के सहारे ग्राम पंचायत निधि से लाखों रुपये हड़प लिए गए। ग्राम पंचायत में निर्बल आवास के धन में धांधली व शौचालय निर्माण के बिना ही धन हड़प लिया गया। जनसूचना के तहत जानकारी होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
विकास क्षेत्र के जमीनहुसेनाबाद में ग्राम पंचायत निधि से हुए विकास कार्यों में जमकर धांधली की गई है। रामपुर गांव निवासी अश्वनी कुमार द्वारा जनसूचना अधिकार के तहत गांव में कराए गए कार्यों का लेखा-जोखा हासिल करने पर इसका खुलासा हुआ है। उन्हाेंने बताया कि ग्राम प्रधान ताहिर खां बिना कार्य कराए फर्जी अभिलेखों के सहारे निधि के खाते से धन हड़प रहे हैं। गांव में स्वच्छ शौचालय की सूची में दुलारे पुत्र मैकू, प्रेम कुमार पुत्र त्रिलोकी एवं राम दत्त के आवास पर शौचालय बनना दर्शाया गया है, जबकि इनके घरों पर शौचालय का निर्माण आज तक नहीं कराया गया है। इसके अलावा आवास के आंवटन मे धांधली कर गरीबाें का पैसा बैंक खाते से निकाले जाने की भी बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आवास आवंटन सूची में दर्ज कुंवारे की मौत होने के बाद उनके खाते से आवास का 33,750 रुपये निकाल लिया गया तथा लाभार्थी बनाए गए श्रीनाथ पुत्र गुरुदीन नाम का कोई आदमी गांव में ही नहीं है, जबकि इस नाम से आवास के लिए 45 हजार रुपये निकाले गए हैं। अश्वनी पांडेय एवं गांव के बीडीसी सोनू सिंह ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर धांधली की जांच कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी वीके चौधरी ने कहा कि कुंवारे के आवास का रुपये बैंक खाते में ही जमा है। उन्हाेंने कहा कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।