त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। जौनपुर से लखनऊ जा रहे कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के पुत्र का वाहन लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भिलवल कस्बे के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। हादसे में जहां मंत्री पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए। जिसमें एक सुरक्षाकर्मी होमगार्ड ने इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। दुर्घटना बुधवार रात दस बजे हुआ। ट्रक व चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव का पुत्र ओम यादव (32) निवासी ओलमगंज थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर अपने साथियों के साथ बुधवार की रात लखनऊ जा रहा था। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर भिलवल कस्बे के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्काॅर्पियो में टक्कर मार दी। इस हादसे में मंत्री पुत्र ओम यादव, उनके साथ मौजूद जितेंद्र यादव, डबलू यादव व सुरक्षा कर्मी होमगार्ड विष्णु शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। लोनीकटरा थानाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला ने सभी घायलों को सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया। जहां से सभी को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान होमगार्ड विष्णु शर्मा की मौत हो गई। अन्य सभी का इलाज चल रहा है। मंत्री पुत्र की स्काॅर्पियों में टक्कर मार कर भाग रहे ट्रक चालक को इलाहाबाद मेें तैनात एक पुलिस अधिकारी ने पकड़कर उसे व गाड़ी को लोनीकटरा पुलिस के कब्जे में दे दिया है। थानाध्यक्ष लोनीकटरा राजकुमार शुक्ला ने बताया कि सभी घायलों को रात मेें ही ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। जहां सुरक्षाकर्मी ठाकुरगंज लखनऊ निवासी होमगार्ड विष्णु शर्मा की मौत हो गई है। एसओ ने कहा मामले में मंत्री के बडे़ बेटे लकी यादव की तहरीर रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक चालक आशीष यादव निवासी बक्सा जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।