सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बदोसरांय कस्बे में एक व्यापारी के घर कुछ बदमाशों ने रविवार की रात धावा बोलकर नकदी व जेवर समेत चार लाख का माल पार कर दिया। आहट पर जागे गृहस्वामी ने जब अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंके तो जवाब में बदमाश हथगोले फेंककर भाग गए। हालांकि फायरिंग व हथगोले दागे जाने में किसी को कोई चोट नहीं आई है। वारदात के बाद से पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बदोसरांय कस्बे में किराना व्यवसायी अशोक गुप्ता के घर रविवार की रात छत के रास्ते भीतर घुसे बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर अलमारी में रखे करीब पांच हजार हजार रुपये, सोना व चांदी के जेवरात मिलाकर करीब चार लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के समय अशोक गुप्ता अपने परिवार के साथ घर के बाहरी हिस्से में सो रहे थे। इसी दौरान अशोक को चोरों की आहट लग गई और उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बदमाशों पर फायर झोंक दिया। फायरिंग होते ही बदमाश भागने की जुगत करने लगे और अपने बचाव में हथगोले फेंके। हथगोला फटने से किसी ने भी बदमाशों को पकड़ने या पीछा करने की हिम्मत नहीं जुटाई। इस घटना के बाद आसपास के लोग भी जाग गए और मौके पर भीड़ लग गई।
घटना के कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। बदोसरांय कोतवाल देवेश मिश्रा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। कोतवाल ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है और इसमें किसी करीबी व्यक्ति के शामिल होने का शक है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।