जैदपुर (बाराबंकी)। बाराबंकी की कृषि को मॉडल के तौर पर पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा जिससे सभी किसानों को कम खर्च में अधिक उपज व लाभ मिले। यह घोषणा प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक रंजन ने बुधवार को हरख ब्लॉक के दौलतपुर में इफको द्वारा आयोजित एक दिवसीय कृषि गोष्ठी को संबोधित करते हुए की।
आयुक्त ने कहा कि मुझे बड़ी खुशी है कि हमारे प्रदेश के किसान का नाम पूरे देश में है। उन्होेंने कहा कि यहां के किसानों ने अपनी मेहनत व लगन के बल पर खेती में जो रिकॉर्ड बनाया है वह पूरे प्रदेश के किसानों मेें मॉडल के तौर पर देखने यहां भेजा जाएगा जिससे अन्य किसान भी कम खर्च में खेती करने का गुण सीख सके। श्री रंजन ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि आप अपने खेतों का मृदा परीक्षण अवश्य कराएं व कृषि वैज्ञानिकों व अधिकारियोें द्वारा दी जाने वाली जानकारी के अनुरूप ही खेती करें। इफको के निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि इफको किसानों के लिए पूरी लगन व मेहनत से काम करता है। जिलाधिकारी मिनिस्ती एस. ने कहा कि जिले में किसानों की सुविधाओं को देखते हुए कानपुर आईआईटी द्वारा मेंथा की पेराई के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नई तकनीक की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे किसानाें को काफी लाभ मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी विजय किरन आनंद ने कहा कि किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
इस मौके पर कृषि निदेशक देव मित्र सिंह, कृषि वैज्ञानिक वीके तोमर, एके सिंह, रामसरन वर्मा, एसडीएम सुनील कुमार चौधरी, एएसपी डॉ. ओपी सिंह, तहसीलदार भरतलाल यादव, डीपीआरओ प्रवीणा चौधरी, आदि मौजूद रहे।