बाराबंकी। स्क्रैप खरीदने जा रहे व्यापारी के यहां काम करने वाले दो मजदूर उसका चार लाख रुपये लेकर भाग गए। जानकारी होने पर जब कबाड़ व्यापारी ने मजदूर को फोन किया तो दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ था। मंगलवार को हुई इस घटना की व्यापारी ने कोतवाली नगर में तहरीर दी लेकिन कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की जिसके उपरांत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला पीरबटावन बाल्दारोड निवासी दिलशाद कबाड़ का कारोबार करते हैं और शहर में उनकी कबाड़ की दुकान है। मंगलवार को लखनऊ स्थित चिनहट में स्क्रैप खरीदने के लिए दिलशाद चार लाख रुपये लेकर कार से निकला था।
कार में दिलशाद के साथ उसके दो मजदूर हनीफ मूल निवासी ग्राम फलवारी और राशिदुल निवासी कलकसी जिला बरकत, असम भी सवार थे। दिलशाद ने बताया कि मंगलवार करीब साढ़े तीन बजे लखनऊ जाते समय वह थोड़ी देर के लिए बस अड्डे पर रुका और कुछ आवश्यक कार्य के चलते उसे वापस दुकान जाना पड़ा। जहां से दिलशाद ने दोनों मजदूरों को उतार दिया और चिनहट पहुंचने को कहा। उधर वापस दुकान पहुंचे दिलशाद ने जब कार में देखा तो उसके रुपये गायब थे। शक होने पर उसने लेबर को फोन किया तो दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ था। काफी तलाश के बाद भी जब हनीफ और राशिदुल का पता नहीं चला तो मंगलवार रात कोतवाली पहुंचे दिलशाद ने दोनों लेबराें के खिलाफ प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी। लेकिन सुबह तक पुलिस ने मामले का संज्ञान नहीं लिया।
दिलशाद ने बताया कि बुधवार दोपहर उसने कप्तान से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। जो लेबर उसके रुपये लेकर भागे हैं वह पिछले तीन वर्ष से उसके पास काम कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।