घुंघटेर (बाराबंकी)। प्रसव पीड़ा पर उपचार के लिए सीएचसी लाई गई महिला असहनीय दर्द को बरदाश्त नहीं कर सकी और सीएचसी गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। परिजनों ने इसकी जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों को दी तो उन्होंने उसे भर्ती करने के बजाय सीएचसी से वापस कर दिया। परिजनों ने पीड़िता को उपचार के लिए निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया है।
राजापुर मजरे सुल्तानपुर निवासी जगदीश पत्नी शिल्पी (22) के साथ एक सप्ताह पूर्व सुसराल हाजीपुर आया हुआ था। मंगलवार भोर चार बजे पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो वह उसे उपचार के लिए सीएचसी घुंघटेर ले गया। असहनीय दर्द को पीड़िता बरदाश्त नहीं कर सकी और सीएचसी गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। जगदीश का कहना है कि उसने सीएचसी पर मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने स्टाफ और डॉक्टर न होने की बात कहकर वापस कर दिया। पत्नी की हालत बिगड़ती देख जगदीश ने उपचार के लिए निजी डॉक्टर के यहां उसे भर्ती कराया है। जगदीश ने कहा कि अवकाश समाप्त होने की बाद वह केंद्र पर तैनात कर्मचारियाें की शिकायत सीएमओ से करेगा। इस बाबत सीएचसी प्रभारी डॉ. इरफान ने जानकारी से इंकार करते हुए कहा कि मामले की जांच कराएंगे।