बाराबंकी। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बाराबंकी पुलिस ने 48 घंटे का अभियान चलाया ताकि यह पता लग सके कि हादसों का कारण क्या है। नौ व 10 मई को जिलेभर के टोल प्लाजा और प्रमुख मार्गों पर ड्रिंक एंड ड्राइव, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगाने वाले वाहन चालकों को पकड़ा गया। इस दौरान 160 वाहनों के चालान हुए।
इस अभियान में कुल 3078 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 84 चालक पकड़े गए, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर वाले 10, प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 64 और हूटर का इस्तेमाल करने वाले दो वाहनों पर भी कार्रवाई हुई।
पुलिस ने 6.70 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला। अभियान के दौरान लाउड हेलर के जरिए वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हादसे रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाएगी।
तमंचा व तलवार के साथ दो दबोचे
जैदपुर पुलिस ने इम्तियाज निवासी अहमदपुर को तमंचा व कारतूस के साथ पकड़ा। कुर्सी पुलिस रोहित निवासी मुनीमपुर बरतरा को तलवार के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की। वहीं मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने हत्या के प्रयास में वांछित पल्टूराम निवासी चौकीपुरवा मजरे पतौंजा को गिरफ्तार किया।