सिरौली गौसपुर। बरसात में जलभराव और मौसम में आए बदलाव ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। क्षेत्र में इन दिनों सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी और सांस संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़े हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं।
सरकारी अस्पतालों में ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से अधिक हो गई है। मंगलवार को संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में 517 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 240 पुराने मरीज शामिल थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, करीब 200 मरीज सर्दी-जुकाम और बुखार के थे। अस्पताल में 150 लोगों की जांच कराई गई। जांच में आठ डेंगू, 13 मलेरिया और 48 टाइफाइड के संदिग्ध मरीज मिले। वहीं, 23 लोगों की रिपोर्ट में मियादी बुखार की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि मच्छरों के बढ़ने से डेंगू और मलेरिया का खतरा भी बढ़ गया है।
अधीक्षक डॉ. इकबाल अहमद ने बताया कि बरसात के मौसम में संक्रमण तेजी से फैलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार में बिकने वाले कटे फल, खुला और बासी खाना न खाएं। शीतल पेय व ठंडा पानी लेने से बचें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और शाम के समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। तेज धूप और भीगने से भी बचें ताकि विषाणु जनित रोग से बचा जा सके।