ट्रक से टकराई रोडवेज बस, 15 घायल
बाराबंकी। परिवहन निगम की गोंडा डिपो की बस शनिवार भोर बुढ़वल चौराहे के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से मची चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद को दौड़े और एसडीएम को सूचना दी।
इस पर तहसील प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कराने के साथ ही तीन एंबुलेंस मंगाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से दो लोगों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ के चारबाग बस अड्डा से शनिवार भोर तीन बजे 22 यात्रियों को लेकर गोंडा डिपो की बस उतरौला के लिए रवाना हुई। रामनगर थाना क्षेत्र में बुढ़वल चौराहे के पास ये बस एक ट्रक से टकरा गई।
हादसे में चालक विनीत कुमार मिश्र (36) और परिचालक समेत यात्री आरती देेवी (51), प्रेमा (45), चंद्रकांति (46), उमा देवी (57), कृष्णकुमार (35), लीलावती (48), लल्लन (40), रामराज (54) निवासी भगौतीगंज बलरामपुर और देवरिया निवासी स्वामीनाथ (56) समेत 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने एसडीएम और पुलिस को सूचना दी। एसडीएम ने बड़ा हादसा देखते हुए 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी प्रमोद सिंह से तत्काल एंबुलेंस की मांग की। प्रभारी ने रामनगर, मसौली और सूरतगंज की तीन एंबुलेंस भेजकर घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां से लीलावती और स्वामीनाथ की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। घायलों ने बताया कि वह सभी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे गोंडा डिपो के प्रभारी प्रेमबाबू गुप्ता ने थाने में ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा होना बताते हुए शिकायत की है।
प्रभारी का कहना है कि ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हुआ है। प्रभारी ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। रामनगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि रोडवेज डिपो गोंडा के प्रभारी की शिकायत पर ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।