बाराबंकी। जिले में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरख के बीडीओ समेत करीब 69 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम क्वारंटीन कराया गया है। इसके बाद भी लोग सुधर नहीं रहे हैं।
हरख में तैनात खंड विकास अधिकारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ब्लॉक में तैनात सभी कर्मियों की कोरोना जांच कराई गई और ब्लॉक परिसर को सैनिटाइज कराया गया। वहीं मसौली बीडीओ की रिपोर्ट दो दिन पूर्व पॉजिटिव आ चुकी है। इस वजह से इन दोनों ब्लॉकों में सुचारु रूप से काम नहीं हो पा रहा है।
गुरुवार देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 29 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि 40 पॉजिटिव लोगों की रिपोर्ट बुधवार की देररात आई थी। इस तरह जिले में हरख बीडीओ समेत कुल 69 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
इनमें लखपेडाबाग, रेदुआ पल्हरी, टिकैतनगर, रामनगर, ददौरा, कोपवा, ढकौली, जाटा बरौली, कानूनगोयान, अभयनगर, देवकलिया, बडागांव, हैदरगढ, कुपवेडा, मुरलीगंज, किंतूर आदि के संक्रमित लोग शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों से लोगों में दहशत का माहौल है। यही कारण है कि कोरोना का टीका लगवाने के लिए लोग आगे आने लगे हैं। गुरुवार को 61 सौ लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके सापेक्ष शाम तक 2891 लोगों को टीका लगाया गया।
इनमें 45 वर्ष से ऊपर के 1754 और 60 वर्ष से ऊपर के 1061, हेल्थ वर्कर 58 तथा 18 फ्रंट लाइन वर्कर शामिल रहे। सीएमओ ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सबसे सुरक्षित माध्यम टीका ही है। इसलिए सभी को टीका अवश्य लगवाना चाहिए।
शहर में घंटाघर, धनोखर चौराहा, नाका सतरिख, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, नाका पैसार, छाया चौराहा, देवा तिराहा आदि कहीं पर भी कोविड गाइडलाइन का पालन होता नहीं दिखाई दे रहा है। कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं इसके बाद भी लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन भी नहीं कर रहे हैं। प्रशासन भी कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करा पाने में पूरी तरह से नाकाम दिखाई दे रहा है।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है इसलिए लोगों से अपील की जाती है कि मास्क लगाकर ही घरों से निकलें और कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें। सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है।