बाराबंकी। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को 23 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। शासन से मिले निर्देशों के बाद डीएम ने यह आदेश जारी किया है। वहीं स्कूलों में कोविड टीकाकरण पहले की भांति ही चलता रहेगा। उधर रविवार शाम आई जांच रिपोर्ट के मुताबिक 64 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। इस तरह जिले में कोविड के सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 1120 हो गई है।
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या 1100 का आंकड़ा पार कर गई है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार और शासन से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने सभी शिक्षण संस्थानों को 23 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। संस्थानों में 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों का टीकाकरण पूर्व की भांति चलता रहेगा।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार की शाम आई जांच रिपोर्ट के मुताबिक जिला अस्पताल के अलावा शहर में सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज पाए गए हैं। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में करीब 36 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें जिला अस्पताल, आजाद नगर, निकट संतराम दास कुटी पैसार, ग्रीन सिटी, मखदूमपुर, अभय नगर, ढकौली सोमैयानगर, मालगोदाम रोड, आवास विकास व दीनदयाल नगर आदि के रहने वाले हैं।
इनके अलावा जाटा बरौली में पांच, हरख में छह, देवा में पांच, फतेहपुर में एक, बड़ागांव में दो, दरियाबाद में एक, सूरतगंज में दो, रामनगर में छह समेत 64 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है और चिकित्सकों की टीम को इनके संपर्क में लगातार रहने के आदेश दिए गए हैं। वहीं उपचार के बाद 78 लोगों के स्वस्थ होने का दावा विभाग द्वारा किया गया है।
जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत 16 हजार 713 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान 95 हेल्थ वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर को टीके लगाए गए तो 15 से 18 वर्ष के 574 किशोर-किशोरियों को टीका लगाया गया। वहीं, 18 प्लस के 2544 लोगों को पहली डोज तथा 13 हजार 500 लोगों को टीके की दूसरी डोज लगाई गई।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि रविवार की शाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 64 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है, चिकित्सकों को लगातार इनके संपर्क में रहने के आदेश दिए गए हैं।