हादसों में भाई-बहन समेत पांच घायल
मसौली थाना क्षेत्र में हुईं दुर्घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
मसौली(बाराबंकी)। शुक्रवार को मसौली थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर दो सड़क हादसे हुए। जिसमें भाई-बहन समेत पांच लोग घायल हुए। जिसमें से एक को गंभीर दशा में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
पहली घटना बाराबंकी-रामनगर मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर मसौली थाना क्षेत्र में स्थित मयूर ढाबा के पास हुई। जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार भाई-बहन समेत 3 लोग सड़क पर गिर कर घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद कार भी खंती में जा गिरी। जिसमें कार सवार युवक भी घायल हो गया। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के करंद निवासी प्रसादी का बेटा रामू अपनी बहन सोनी व भाई श्यामू की पत्नी राजकुमारी को बाइक से लेकर मसौली जा रहा था। इसी दौरान गोंडा निवासी सुनील कुमार की कार से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में कार सवार सुनील व बाइक सवार रामू, उसकी बहन सोनी व भाभी राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे आननफानन जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी है। दूसरी घटना मसौली थाना क्षेत्र के नेवला करसंडा के पास हुई। शुक्रवार की सुबह बाराबंकी से घर जा रहे मसौली थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर निवासी प्रेमचंद को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिसमें घायल प्रेमचंद को उसकी पत्नी सुनील ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।