-बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज में नाम व रोल नंबर ढूंढते अभ्यर्थी ।-संवाद
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के चार केंद्रों पर कराई गई। 54 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 1824 में अभ्यर्थियों से पहली पाली में 834 शामिल हुए। वहीं 990 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में 833 अभ्यर्थी शामिल हुए।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए थे। रविवार सुबह सात बजे ही ज्यादातर अभ्यर्थी केंद्रों के बाहर पहुंच गए। प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी को बायोमेट्रिक और आई स्कैनिंग के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। पहली पाली की परीक्षा में एमएलके महाविद्यालय ब्लाक-ए कला संकाय परीक्षा केंद्र पर 480 के सापेक्ष 209 अभ्यर्थी शामिल हुउ। एमएलके महाविद्यालय ब्लाक-बी वाणिज्य संकाय परीक्षा केंद्र पर 480 के सापेक्ष 204 और ब्लाक-सी विज्ञान संकाय परीक्षा केंद्र पर 480 के सापेक्ष 219 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
वहीं, एमपीपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 384 के सापेक्ष 202 अभ्यर्थी पहली पाली की परीक्षा में शामिल हुए। वहीं दूसरी पाली में एमएलके महाविद्यालय के कला संकाय में 209, वाणिज्य संकाय में 203 व विज्ञान संकाय में 219 अभ्यर्थी शामिल हुए। एमपीपी इंटर कॉलेज में पहली पाली की तरह ही दूसरी पाली में भी 202 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली में 990 एवं दूसरी पाली में 991 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मी, महिला पुलिस कर्मी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
लोक सेवा आयोग के समन्वयक व पर्यवेक्षक विवेक कुमार सरोज, डीएम पवन अग्रवाल, एसपी विकास कुमार, एडीएम ज्योति राय, एएसपी विशाल पांडेय व डीआईओएस मृदुला आनंद ने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराई गई है। सभी केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।