रामसनेहीघाट(बाराबंकी)। बिजली के तार से लगी आग ने चार बीघा गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के महुलारा गांव निवासी रमेश चंद के खेत के पास ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इसी से निकला तार सोमवार से टूटा पड़ा था। मंगलवार को बिजली सप्लाई शुरू होने पर खेत में आग लग गई। इससे गेहूं की फसल जल गई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक करीब चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लेखपाल ने मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी।