बाराबंकी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा किए गए गेहूं खरीद केंद्र के निरीक्षण में एक क्रय केंद्र प्रभारी बिना सूचना के गायब पाए गए। इस पर इनको नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष द्विवेदी ने मंगलवार को त्रिवेदीगंज, हैदरगढ़, एफसीआई हैदरगढ़ और लक्ष्मणपुर गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान लक्ष्मनपुर क्रय केंद्र पर तैनात प्रभारी सुशील वर्मा बिना सूचना के गायब थे। जानकारी करने पर मौके पर मौजूद कर्मचारी कोई सही जवाब नहीं दे पाए।
श्री द्विवेदी ने बताया कि जिस पर क्रय केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि भिटरिया और सिद्धौर गेहूं खरीद केंद्रों पर भी खरीद शुरू हो गई है। अब तक सभी केंद्रों के माध्यम से करीब 200 क्विंटल के आसपास गेहूं की खरीद की जा सकी है।