बाराबंकी। प्रशिक्षण के दूसरे दिन शहर के जीआईसी ऑडीटोरियम में पीठासीन और मतदान अधिकारी प्रथम को प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे दिन के प्रशिक्षण में कुल 46 कार्मिक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इनमें प्रथम पाली में 18 तो दूसरी पाली में 28 कार्मिक शामिल रहेे। जबकि प्रशिक्षण के बाद ईवीएम और वीवी पैट के लिए गए टेस्ट में 51 कार्मिक फेल हो गए। इन्हें दोबारा प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि पीठासीन अधिकारी अपने बूथ पर पूरी निष्पक्षता के साथ मतदान कराएंगे। उन्हें पांचों प्रपत्र के साथ डायरी भरना अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदान अधिकारी प्रथम मतदाता का नाम, पता व चेहरे को मतदाता सूची से मिलान करेगा। ताकि कोई फर्जी वोटर मतदान न कर सके। इस दौरान प्रशिक्षण आशीष पाठक ने भी दोनों पालियों में पीठासीन और मतदान अधिकारी प्रथम को उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से बताया और उनकी शंका को दूर किया।
इसके बाद जीजीआईसी के 24 कक्षों में एक हजार कार्मिकों को भेजकर 80 मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से ईवीएम और वीवी पैट के प्रचालन आदि के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद कार्मिकों की टेस्ट पेपर के माध्यम से 24 कक्षों में परीक्षा ली गई। जिसमें प्रथम पाली में 27 एवं द्वितीय पाली में 24 कार्मिक अनुत्तीर्ण रहे। जिनका दोबारा प्रशिक्षण चार फरवरी को कराया जायेगा। प्रशिक्षण के बाद सभी कार्मिकों को कोविड को लेकर बूस्टर डोज भी लगाई गई। प्रशिक्षण में सीडीओ एकता सिंह, डीडीओ अजय पांडेय, पीडी भोलानाथ कनौजिया आदि अधिकारी मौजूद रहे।