देवी मां के मंदिर पर पूजा अर्चना करने गई महिलाओं, बच्चों व पुरुषों समेत करीब 50 लोगों को मधुमक्खियों ने काट कर जख्मी कर दिया। आक्रोशित मधुमक्खियों ने गांव के अंदर धावा बोल दिया। जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मधुमक्खियों का शिकार हुए करीब 25 लोगों ने सिद्धौर सीएचसी तथा अन्य लोगों ने निजी डॉक्टरों से उपचार कराया।
थाना असंद्रा क्षेत्र के तिलसिया गांव स्थित दुर्गा जी, कारेदेवन मंदिर पर सोमवार को महिलाएं पूजा-अर्चना करने गई थीं। जहां मंदिर के पास नीम के पेड़ में मुधुमक्खियों का छत्ता लगा था। बताते हैं कि उसी पेड़ पर बैठे बंदर पर गांव के एक बच्चे ने पत्थर फेंक दिया। जो मधुमक्खियों के छाते में जा लगा। जिससे नाराज मधुमक्खियों ने मंदिर स्थल समेत पूरे गांव में धावा बोल दिया।
मधुमक्खियों के काटने से तिलसिया गांव की रूपरानी (50), अहम (5), ममता (30), मोनिका (2), नैना (5), नैनसी (11), शिवकांती (45), रिंकी (35), प्रिया (4), कुंतादेवी (60), लज्जावती (40), रेनुका (35), रामावती (60), वीरेन्द्र (30), लकी (5), बिक्की (5), आकांक्षा (4), मोनी (5), कृष्णा (7), आरियन (7), महिमा (8), आंचल (5), सलोनी (6), राजू व सुरेन्द्र समेत 50 लोग लोग सिद्धौर सीएचसी पहुंचे।
जहां डॉ. युसूफ खान ने सभी का उपचार किया। उन्होंने बताया कि करीब 25 से अधिक लोग यहां उपचार के लिए आए थे। जिसमें नैनसी और रामावती की हालत गंभीर है। हालांकि अब कोई दिक्कत नहीं है। दवा दे दी गई है।