जिले में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक छात्रा व एक महिला की मौत हो गई। जबकि मृतक छात्रा के भाई समेत 12 लोग घायल हुए है। कोतवाली रामसनेहीघाट के पास शनिवार की सुबह परीक्षा देने जा रही साइकिल सवार छात्रा को एक कार ने टक्कर मार दी थी।
वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला बाइक से नीचे गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि फतेहपुर के पास मैजिक व ट्रैक्टर में टक्कर से करीब छह लोग घायल हुए है। पुलिस ने मृतक छात्रा व महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के भगवान पुर गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा मानसी उर्फ ज्योति (19) पुत्री रमा शिव पांडेय व उसका भाई जितेंद्र (14) शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे हाईस्कूल की परीक्षा देने कोटवा सड़क साइकिल से जा रही थी। तभी हाईवे पर बड़ेला नारायन पुर गांव के निकट पीछे से आ रही कार ने छात्रा की साइकिल में ठोकर मारते हुए डिवाइडर फांदते हुए खेत में जा घुसी।
इस दर्दनाक हादसे में जहां मानसी उर्फ ज्योति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं उसका भाई जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनीकोडर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस कार से यह हादसा हुआ है उसमें भाजपा का झंडा लगा हुआ है लेकिन चालक मौके से भाग निकला है।
इस संबंध में कोतवाल राम राज सरोज ने बताया की दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया है लेकिन कार का चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र में नाका सतरिख के पास लखनऊ के बक्शी तालाब निवासी शाहीन (25) पत्नी अमीन अपने देवर नईम के साथ शनिवार को बाइक से मायके सफदरगंज के दादरा गांव जा रही थी।
तभी बाइक के पहिया में बुर्का फंसने से महिला नीचे जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डडियामउ के पास शनिवार को करीब 12:30 बजे देवा की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर फतेहपुर से सवारियों को भरकर आ रही टाटा मैजिक में जा भिड़ी।
इस हादसे में मैजिक पर सवार थाना बदोसरॉय क्षेत्र के ग्राम सैदनपुर निवासी आलम, मन्नतुल , अलीसुन बानो, कस्बा फतेहपुर के मोहल्ला नालापार उत्तरी निवासी उमेकुसुम, कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बिलौली निवासी नसीमुन, खलीकुन, सुल्तान समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी हादसे में बाइक सवार दो अन्य युवक भी चोटिल हुए हैं जिनके बारे में पता नहीं लग सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली, टाटा मैजिक कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा है।