शहर में फर्जी आईडी बनाकर वोट डालने की तैयारी
- कैलाश आश्रम वार्ड में बनाए जा रहे फर्जी आधार व मतदाता पहचान पत्र
- सदस्य पद प्रत्याशी ने खुलासा कर एसडीएम से की लिखित शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। नगर निकाय चुनाव में फर्जी वोटिंग कर अपने चहेते प्रत्याशी को जिताने के लिए फर्जी आईडी बनाने का दौर शुरू हो गया है। आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को स्कैनिंग कर फोटो के साथ नाम व पता बदला जा रहा है। यह दौर तब से शुरू हुआ है जब से राज्य निर्वाचन आयोग ने वोट डालने के लिए 19 विकल्पों की व्यवस्था की है। फर्जी मतदान को रोकने व इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के लिए एक प्रत्याशी ने एसडीएम नवाबगंज को लिखित शिकायती पत्र देकर ऑब्जर्वर द्वारा आईडी व आधार की जांच कराने को कहा है। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेकर इसकी जांच कराने की बात कही है।
मामला नगर पालिका परिषद के कैलाश आश्रम वार्ड 25 का है। यहां पर दिन रात एक कर फर्जी तरीके से वोटर बनने का खेल खेला जा रहा है। वार्ड में अवैध तरीके से आईडी बनाई जा रही है। आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र को स्कैन कर दूसरा प्रारूप तैयार कर फोटो व नाम में परिवर्तन किया जा रहा है। जिसके बाद उसे लैमिनेट भी किया जा रहा है। जिससे एक बार पीठासीन अधिकारी व समेत मतदान कर्मी भी धोखा खा सकते हैं। इस वार्ड से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पंकज मिश्रा ने इस संबंध में एसडीएम सदर सुशील प्रताप सिंह को पत्र देकर ऑर्ब्जवर द्वारा आर्डडी की रेंडम चेकिंग कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुुसार वार्ड में अब तक करीब ढाई सौ से अधिक फर्जी आईडी बन चुकी हैं।
एक प्रत्याशी द्वारा लिखित तौर पर फर्जी तरीके से आईडी बनाकर मतदान किए जाने की शिकायत की गई। मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दिन चौकसी रहेगी।
- सुशील प्रताप सिंह, एसडीएम नवाबगंज