फतेहपुर। प्रसिद्ध कंपनी की मिठाई और नमकीन की डिलीवरी देने के नाम पर साइबर ठगों ने कारोबारी से 3.20 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर कारोबारी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की। साइबर सिक्योरिटी सेल की जांच के बाद फतेहपुर कोतवाली में दिल्ली निवासी तीन लोगों समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बन्नी सुलेमाबाद गांव निवासी अमर सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर फुटकर बिक्री के लिए उन्होंने गूगल पर कंपनी की वेबसाइट तलाशकर मिठाई-नमकीन का ऑर्डर करने की रिक्वेस्ट डाली थी। इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कंपनी का प्रोजेक्ट मैनेजर बताया और ऑर्डर ले लिया। उसने अलग-अलग क्यूआर कोड पर भुगतान करने को कहा। झांसे में आकर अमर ने कई बार में 3.20 लाख रुपये भेज दिए।
अमर के अनुसार, 21 अगस्त की शाम ठगों ने चालक जसपाल सिंह का मोबाइल नंबर देकर बताया कि माल लेकर वाहन फतेहपुर के लिए रवाना हो गया है। अगले दिन चालक ने लखनऊ के अवध बस अड्डे की लोकेशन बताई, फिर मोबाइल बंद कर लिया। कंपनी के नंबरों पर भी संपर्क नहीं हुआ।
सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि जांच में मिले बैंक खातों व अन्य विवरण के आधार पर अभय प्रताप सिंह, जसपाल सिंह, लक्ष्मीपाल और नेक्सा पाथ फर्म के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है।