टिकैतनगर (बाराबंकी)। बसंतपुर गांव निवासी एक महिला ने प्रेत भगाने के नाम पर तांत्रिक द्वारा बंधक बनाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पिटाई से उसका गर्भपात तक हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कह रही है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर की निवासी सावित्री पत्नी अंबर का आरोप है कि लगभग दस दिन पूर्व उसकी 12 वर्षीय पुत्री पार्वती की तबियत खराब हो गयी थी जिसे वह गांव के ही बाबा तिलकराम के पास दिखाने ले गयी। तांत्रिक तिलक राम ने उसे रोक लिया और कहा तुझ पर भूत प्रेत का साया है।
कमरे में बंद कर दिया और नौ दिन तक बंधक बनाकर लाठी डंडों तथा लोहे की रॉड से पीटकर प्रेत भगाने की बात कहता रहा। पीड़िता का आरोप है कि तांत्रिक की पिटाई से उसका दो माह का गर्भपात हो गया। प्रताड़ना से बचने के लिए महिला ने शुक्रवार को पीआरवी को सूचना दी।
पीआरवी ने मौके पर पहुंच कर पीड़िता को तांत्रिक के चंगुल से मुक्त कराया। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांचकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।