बाराबंकी। साइबर अपराध से जुड़ी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रोकथाम के तमाम दावों के बावजूद साइबर अपराधी समाज और पुलिस दोनों के लिए चुनौती बने हैं। बाराबंकी पुलिस ने इसकी रोकथाम के लिए अब जनजागरूकता का विशेष अभियान शुरू किया है।
अभियान के दौरान मात्र 30 दिन में साइबर ठगी का शिकार बने 14 लोगों की 25 लाख रुपये की राशि वापस कराने में पुलिस सफल हुई है। साइबर ठगी का शिकार बनने वाले पीड़ित भी अब खुद भी लोगों को साइबर ठगी से बचने के प्रति जागरूक करने में पुलिस की मुहिम के साथ जुड़ने लगे हैं।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि साइबर ठगों का फोन हर चौथे पांचवें आदमी के पास पहुंच रहा है। जागरूकता के बावजूद लोग लालच में आकर या डरकर अपनी जमा पूंजी गंवा देते हैं। इसलिए पुलिस अब साइबर ठगी का मामला सामने आने पर तत्काल आरोपियों की धरपकड़ में जुट रही है।
जनवरी 2025 से अब तक आठ माह के दौरान साइबर ठगी से हड़पे गए कुल 80.41 लाख रुपये की वापसी कराई जा चुकी है। साथ ही अब तक साइबर ठगों से जुड़े करीब 300 खातों को फ्रीज करके बंद कराने की कार्रवाई भी हुई है। उन्होंने बताया कि सभी थानों में साइबर सेल से संबद्ध 140 पुलिसकर्मी विशेष रूप से तैनात किए गए हैं। इस दौरान साइबर ठगी के शिकार हुए उन 14 लोगों को भी बुलाया गया, जिनके पैसे पुलिस ने रिकवर कर वापस कराए हैं। कार्यक्रम सीओ सिटी संगम कुमार, यातायात प्रभारी आलोक पाठक, साइबर थाने के प्रभारी संजीव कुमार यादव और उनकी टीम मौजूद रही।
.........................
फोटो-7 व 8
लालच में ना पड़े, डरे मत...ठग होंगे पस्त
बाल विहार कॉलोनी के कवि विनय शुक्ला बार-बार यही कह रहे थे की लालच में ना पड़े, डरे मत, नहीं नहीं तो खाता खाली हो जाएगा। गदिया के नदीम ने कहा कि ठग मेरे रिश्तेदार की आवाज में बोला, लिंक पर क्लिक कर दिया और 1.55 लाख चले गए। बदोसराय के मेलारायगंज के राजेश कुमार, टिकैतनगर के रक्षाराम मौर्य, देवा के शैलेंद्र ने कहा कि ठग बातों में ऐसा फंसाते है कि सोचने तक का मौका नहीं देते। यह लोग अब दूसरों को बताएं कि किस तरह वे ठगी का शिकार हुए और कैसे बचाव किया।
........................
व्यापारी की बात से ठग चकराया, काट दी काल
एक व्यापारी के पास फोन काल आई। बताया गया कि पुलिस अधिकारी बोले रहे हैं, उनके बच्चे को रेप केस में लाया गया है। जागरूक व्यापारी ने ठग से कहा कि उनके बच्चे ही नहीं है। ठग ने कहा क्यों...व्यापारी बोले...शादी ही नहीं हई। बस फोन कट गया। बातचीत की यह आडियो रिकार्डिंग खूब प्रसारित हो रही है।
..............................
श्रुतिमान शुक्ल