बाराबंकी। नवरात्र की तैयारियों को लेकर शहरी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके तहत सभी छोटे बड़े मंदिरों की साफ सफाई कर उन्हें रंगरोगन के साथ सजाया संवारा जा रहा है। मंदिर परिसरों के आसपास श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाएं जुटाने के साथ ही बिजली सप्लाई लाइन को भी जांचा परखा जा रहा है।
विशेषतौर पर जिले के सभी प्रमुख देवी मंदिरों के आसपास मार्ग प्रकाश व्यवस्था के साथ ही मंंदिर तक पहुंचने के मार्गों को भी मरम्मत कर दुरुस्त बनाया जा रहा है। सोमवार को शहर के बड़ी देवी मंदिर की साफ सफाई कर मंदिर में लगे घंटे, दीवार आदि की सफाई कर धुलाई कराई गई। मंदिर के संरक्षक इंदु प्रकाश निगम ने बताया कि मां भगवती के भक्तों को कोई दिक्कत न हो इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में सप्तमी को रात नौ बजे 54 दीपोंं व अष्टमी को रात में दस बजे 108 दीपों से मां काली व दुर्गा की विशेष व भव्य आरती होगी। इसके बाद नवमी को हवन व कन्या पूजन होगा। कानून गोयान स्थित मुड़कटी देवी मंदिर के पुजारी वीरेंद्र व्यास शास्त्री ने बताया कि मंदिर में दुर्गा पूजा के आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंचने लगी हैं।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि सभी प्रमुख देवी मंदिरों व रामलीला मैदान का पैदल भ्रमण कर लिया गया है। नवरात्र के मद्देनजर नगर क्षेत्र में नियमित सफाई कराने, बिजली के खंभों पर सीएफएल व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने तथा मंदिरों के आसपास की स्ट्रीट लाइट व सड़क मार्ग की व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।