बाराबंकी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से घट रही है। शनिवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में एक निजी चिकित्सक समेत 26 और संक्रमित पाए गए हैं। जबकि उपचार के बाद 25 लोग स्वस्थ भी हुए हैं इस तरह से जिले में एक्टिव केस की संख्या महज 274 रह गई है।
जिले में शनिवार को करीब 1850 लोगों की कोरोना जांच की गई। शाम को आई जांच रिपोर्ट के अनुसार, 16 और लोग संक्रमित पाए गए। इनमें शहर के रहने वाले एक चिकित्सक के अलावा झलिया, दरियाबाद, भोला का पुरवा, बिझिया, मक्कापुरवा, लक्ष्मनपुर, तेलमा, दनापुर, रौनी, सुरजवापुर, दांदूपुर, भिटरिया, पूरेमोती आवास विकास, खरिहानी, बिछलखा, मानपुर, लखपेड़ाबाग, सहेलिया और दशहराबाग के लोग शामिल हैं।
इसके अलावा रामसनेहीघाट में चार, जाटा बरौली में तीन, दरियाबाद में आठ, हरख में एक, घुंघटेर में एक, रामनगर में एक तथा शहर में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को जिले में 26 हजार 250 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस बाबत सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा का कहना है कि कोरोना के केस भले ही कम हो रहे हों परंतु कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है।