रामनगर। क्षेत्र के बिलाखिया गांव में एक महीने से लो वोल्टेज की समस्या है। स्थिति यह है कि लोगों के घरों में फ्रिज और मोटर तक नहीं चल पा रहे हैं। लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इससे करीब 20 हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गांव निवासी विजय बहादुर सिंह, दिलीप सिंह, छोटू, भानु प्रताप सिंह, अफजल, अजय वर्मा व अनिल वर्मा का कहना है कि गांव में कई माह से लो वोल्टेज की समस्या है। इस वजह से ग्रामीणों के बिजली के उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांव में लगे सभी बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। इसके चलते लो वोल्टेज और बार-बार फाॅल्ट की समस्या आती है।
ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शीघ्र जर्जर तार और खंभे नहीं बदले गए तो ग्रामीण पावर हाउस का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। अधिशासी अभियंता खालिद सिद्दीकी ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या की जानकारी नहीं थी, इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।