आस्था के केंद्र लोधेश्वर महादेवा का अगहनी मेला आज से
महादेवा (बाराबंकी)। देवाधिदेव महादेव की नगरी लोधेश्वर महादेवा में लगने वाले अगहनी मेले का गुरुवार को डीएम परंपरागत तरीके से उद्घाटन करेंगे। विश्व कल्याण द्वार पर फीता काटने के बाद डीएम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। हालांकि प्रशासन की सुस्ती के कारण मेले की तैयारियां अभी तक पूरी नहीं हो सकी हैं।
लोधेश्वर महादेवा में लगने वाले अगहनी मेले का गुरुवार को जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी उद्घाटन करेंगे। निकाय चुनाव के मद्देनजर मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार दिसंबर में होंगे। फिर भी मेले में आने वाली भीड़ की सुविधाओं को लेकर तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद अब तक व्यवस्थाएं मुकम्मल नहीं हो सकी हैं। महादेवा मंदिर परिसर में 42 इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं। जिसमें 12 हैंडपंप खराब पड़े हैं। मंदिर, अभरन तालाब व पश्चिम बाग में श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ रहती है। इसके बावजूद इन स्थानों के भी खराब हैंडपंप अब तक ठीक नहीं कराए जा सके हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में पानी की टंकी भी खराब पड़ी है।
मंदिर परिसर में लाइट की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं हो सकी है। अभरन तालाब, मंदिर परिसर, बैंक के सामने लगी हाईमास्ट लाइट खराब पड़ी हैं। परिसर व आसपास कुल 20 लाइटें खराब पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइटों में भी बल्ब नहीं लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में लगी सोलर लाइट भी खराब पड़ी है।
गुरुवार को मेला शुरू हो जाएगा मगर अभरन तालाब की भी अब तक सफाई नहीं कराई गई है। बुधवार को अभरन तालाब की सफाई के नाम पर महज औपचारिकता निभाई गई। तालाब के एक हिस्से में अभी भी काई जमी है। तालाब की सीढ़ियों पर कूड़े का ढेर लगा है। ऐसे में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को समस्याओं से जूझना पड़ेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी महादेवा को 24 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। पुजारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि, मंदिर परिसर व आसपास महज 18 से 20 घंटे ही बिजली मिलती है। गणेशपुर फीडर से महादेवा को विद्युत आपूर्ति होती है। एसडीओ सोनी का कहना है कि, फाल्ट के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। महादेवा को 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने का प्रयास किया जाता है।
इस बारे में एसडीएम रामनगर लव कुमार सिंह का कहना है कि, मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार दोपहर एक बजे जिलाधिकारी परंपरागत तरीके से महादेवा मेले का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि, मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को 80 कर्मचारी लगाए गए थे। अभरन तालाब की सफाई के लिए चार कर्मचारी लगाए गए थे। वहीं, ईओ अशोक कुमार ने बताया कि मेला परिसर की सफाई कराई जा रही है। लाइट की व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जाएगी। गुरुवार सुबह तक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।