परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की उपस्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर बीएसए ने क्रास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक दूसरे ब्लॉक के बीईओ को एक दूसरे के ब्लॉक में जांच पड़ताल के लिए भेजा गया। इस दौरान करीब 18 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। जिस पर बीएसए ने इनका एक दिन का वेतन काटते हुए जवाब तलब किया है।
बीएसए पीएन सिंह द्वारा लगातार चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के बावजूद गुरुजी समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं वहीं कुछ तो विद्यालय जा ही नही रहे हैं। निलंबन और वेतन काटने जैसी कार्रवाई का भी इन पर कोई असर नहीं दिख रहा है।
विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति जानने के लिए मंगलवार को क्रास चेकिंग अभियान चलाया गया। सूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर नौबस्ता में तैनात अनुदेशक मधु मौर्या, दशवंतपुर में तैनात शिक्षक मनोज कुमार इसी विद्यालय में तैनात श्याम कुमार गौतम, एजाजुद्दीन और प्राथमिक विद्यालय गोवा में तैनात शिक्षक आशुतोष बिना सूचना के गायब पाए गए।
फतेहपुर के प्राथमिक विद्यालय बेहड़ा खेमकरन में तैनात शिक्षिका मधुश्री, शैली कीरतपुर में तैनात शिक्षक कुमार सौरभ, सरैया मातबर नगर में तैनात शिक्षक प्रमोद कुमार, कुआडांडा में तैनात शिक्षिका वंदना सिंह इसी विद्यालय में तैनात अरुण कुमार सिंह, सदरापुर विद्यालय में तैनात मो. इरशाद और रायपुर में तैनात शिक्षिका शशीबाला बिना सूचना के विद्यालय से नदारद पाई गई।
इसके अलावा सूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर खाला में तैनात शिक्षक अमित वर्मा यहीं पर तैनात शिक्षक आशुतोष कुमार, इसके अलावा बसौली में तैैनात शिक्षक विभा प्रकाश, प्राथमिक विद्यालय बायलमऊ में तैनात शिक्षक विमल कुमार हैदरगढ़ के प्राथमिक विद्यालय लिल्हौरा में तैैनात शिक्षक राज नरायण पाठक और प्राथमिक विद्यालय नैपुरा में तैनात शिक्षक राम मनोरथ बिना सूचना के गायब मिले। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए इन सभी का एक दिन का वेतन काटते हुए जवाब तलब किया है।