बड्डूपुर (बाराबंकी)। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी। शोर सुनकर ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार चालक को नहर से बाहर निकाल लिया। पानी के तेज बहाव के कारण कार पानी में डूब गई। कार चालक को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
बड्डपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अबियापुर निवासी प्रमोद कुमार वर्मा शुक्रवार को कार से फतेहपुर से बड्डपुर लौट रहे थे। फतेहपुर-बड्डूपुर मार्ग पर स्थित काजीबेहटा के पास स्थित शारदा नहर पुल के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार चालक नहर पटरी के किनारे लगी झाड़ियों को पकड़कर शोर मचाने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रमोद को नहर से निकाला गया। लेकिन कार गहरे पानी में डूब गई। कार सवार युवक को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि कार नहर में गिरने की सूचना मिली थी, चालक को पानी से बाहर निकाल लिया गया था, कार की तलाश की जा रही है।