शहर की सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर पालिका परिषद ने अभियान चलाया। बुधवार सुबह से ही नगरपालिका की कैटिल कैचिंग टीम शहर में घूम रहे मवेशियों को पकड़ने में जुट गई। अमर उजाला में बुधवार के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिशासी अधिकारी ने पशुओं को पकड़ने और गो-संरक्षण केंद्र में रखने का निर्देश दिया।
शहर के मुख्य मार्ग पर घूम रहे छुट्टा मवेशी दुर्घटना का सबब बनते जा रहे हैं। कई बार इनके आपस में झगड़ने से इनकी चपेट में आकर लोग घायल भी हो जाते हैं। इसे लेकर नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी संगीता कुमारी ने कैटिल कैचिंग टीम को छुट्टा मवेशियों को पकड़ने का निर्देश दिया। टीम ने सुबह से ही मवेशियों को पकड़ना शुरू कर दिया। दोपहर बाद तक करीब दस मवेशियों को पकड़कर देवा के खजूर गांव गो-संरक्षण केंद्र पहुंचाया गया।
छुट्टा मवेशियों को पकड़ने में कैटिल कैचिंग टीम को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। मवेशियों ने टीम को खूब छकाया। ईओ ने बताया कि पशुओं के पालन-पोषण व उनके बेहतर जीवन जीने योग्य वातावरण मुहैय्या कराने के लिए जिन्हौली में अस्थाई गो-संरक्षण केंद्र बनाया गया है लेकिन यहां अधिक पशु होने कारण आज पकड़े गए मवेशियों को खजूर गांव में बने गो-संरक्षण केंद्र में रखा गया है। ईओ ने कहा कि यह अभियान प्रतिदिन चलाया जाएगा।